16 jun Weather Update Today:
- उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर शुरू।
- दिल्ली में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश, गर्मी से राहत।
- राजस्थान रेड अलर्ट पर, यूपी और जम्मू-कश्मीर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी।
- बिहार में मानसून की दस्तक, कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश।
- मुंबई, पुणे और कोंकण क्षेत्र में लगातार भारी बारिश जारी।
- भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत मध्य प्रदेश के शहरों में बारिश से राहत।
- तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में मानसूनी बादल सक्रिय।
- IMD: अगले कुछ दिनों तक देशभर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
देश भर के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी तूफान का दौर शुरू हो रहा है। यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली में सुबह से तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। आने वाले कुछ ही दिनों में दिल्ली के तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार भीषण गर्मी से उत्तर भारत में राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव के कारण कई राज्यों में ठंडक, बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिससे चिलचिलाती धूप से राहत मिलेगी।
उत्तर भारत में आज अधिकतम तापमान 40° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। राजस्थान में रेड अलर्ट जारी किया गया था। इस बीच उत्तर प्रदेश और जम्मू कश्मीर के लिए सप्ताह भर के लिए ऑरेंज अलर्ट पर हैं। मौसम विभाग ने आम लोगों से सावधानी बरतने, अत्यधिक गर्मी के दौरान घर के अंदर रहने, पानी पीते रहने और आधिकारिक मौसम अपडेट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की सलाह दी है। आईएमडी ने पूर्व अनुमान लगाया है कि 16 और 17 को उत्तर भारत के अधिकांश भागों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जिससे मौसम की स्थिति में और सुधार होगा। बिहार में मानसून की दस्तक से मौसम सुहावना हो गया है। कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। किसानों के चेहरे पर खुशी लौट आई है। लगातार गर्मी और संभावित आंधी तूफान के कारण पंजाब और हरियाणा में अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कई जगह बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले सप्ताहों में बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा। मुंबई, पुणे और कोंकन बेल्ट में भी तेज बारिश हुई है। जिससे सड़कों पर पानी भरे रहने की स्थिति बनी हुई है। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी बादलों की गर्जना के साथ बारिश ने दस्तक दी है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत कई शहरों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दक्षिण भारत के तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी मानसूनी बादल सक्रिय नजर आ रहे हैं। हैदराबाद और बेंगलुरु में बूंदा-बंदी ने मौसम सुहाना कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। देश भर के मौसम समाचार में इतना ही।