Bollywood Actor Mukul Dev Passed Away At 53 | एक्टर मुकुल देव का 53 साल की उम्र में निधन

एक्टर मुकुल देव का 53 साल की उम्र में निधन

फिल्म इंडस्ट्री से इस वक्त बहुत बुरी खबर आ रही है। फिल्मों और टीवी के जाने-माने एक्टर मुकुल देव का निधन हो गया है। एक्टर ने 54 साल की उम्र में अंतिम सांस ली है। मुकुल के निधन से इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा है। बताया जा रहा है कि मुकुल कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। अपने माता-पिता की मौत के बाद मुकुल ने खुद को अलग-थलग कर लिया था। वो ना घर से बाहर निकलते थे और ना ही किसी से मिलते थे। 

पिछले कुछ दिनों से मुकुल की तबीयत खराब चल रही थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुकुल ने पिछले दिनों ही सन ऑफ सरदार 2 की शूटिंग पूरी की थी। दिल्ली में जन्मे मुकुल ने साल 1996 में टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी। वह सबसे पहले सीरियल मुमकिन में नजर आए थे। उन्होंने दूरदर्शन के कॉमेडी बॉलीवुड काउंटडाउन शो एक से बढ़कर एक में भी काम किया था। उन्होंने 1996 में सुष्मिता सेन के साथ फिल्म दस्तक से बॉलीवुड में अपनी जर्नी की शुरुआत की थी। इसके अलावा उन्होंने किला, वजूद, कोहराम और मुझे मेरी बीवी से बचाओ जैसी फिल्मों में काम किया।

वो अजय देवगन और संजय दत्त की फिल्म सन ऑफ सरदार में भी नजर आए थे। फिल्मों और टीवी का वह बड़ा नाम थे। मुकुल ने हिंदी और पंजाबी फिल्मों के साथ टेलीविजन और कई म्यूजिक एल्बम्स में अपने बेहतरीन काम से फैंस को इंप्रेस किया। इसके अलावा मुकुल ने कुछ बंगाली, मलयालम, कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया था। फिल्म यमला पगला दीवाना में उनकी दमदार एक्टिंग के लिए उन्हें सातवें अमरीश पुरी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। मुकुल के निधन पर बड़े-बड़े एक्टर शॉक्ड रह गए हैं।